ऊना में 249 पंचायत प्रधान-उपप्रधानों ने ली शपथ, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिया विकास का मंत्र
डलहौज़ी हलचल | ऊना
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूरकलां में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में ऊना जिले की 249 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
गांवों के विकास से ही समृद्ध होगा हिमाचल
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतें विकास और सामाजिक परिवर्तन की सबसे मजबूत इकाई हैं। उन्होंने कहा कि गांव मजबूत और समृद्ध होंगे तो हिमाचल प्रदेश भी समृद्ध होगा। पंचायत प्रतिनिधि गांवों और जिले के भविष्य के निर्माता हैं तथा अगले पांच वर्षों में विकास की दिशा काफी हद तक उनकी कार्यशैली और सोच पर निर्भर करेगी।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का आग्रह किया।
नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशा निवारण को जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है और पंचायतों को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिट्टे सहित किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।

ऊना में चल रही हैं हजारों करोड़ की विकास परियोजनाएं
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना देश के तेजी से विकसित हो रहे जिलों में शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बल्क ड्रग पार्क परियोजना विकसित की जा रही है, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार समान रूप से योगदान दे रही हैं।
इसके अलावा मलाहत में अत्याधुनिक पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पात्र लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
उपमुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को समय पर पेंशन, आवास और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही निराश्रित बच्चों, जरूरतमंद परिवारों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने की भी अपील की।

जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करें अधिकारों का उपयोग
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशासनिक और न्यायिक अधिकार प्राप्त होंगे, इसलिए इनका उपयोग पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर पद के दुरुपयोग की जानकारी मिलती है तो उसे तत्काल संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाना चाहिए।
लोकतंत्र में जनता के विश्वास पर खरा उतरने की अपील
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पंच से प्रधानमंत्री तक सभी जनप्रतिनिधि जनता के मत से चुने जाते हैं और जनता के विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
समारोह में विधायक राकेश कालिया, सतपाल सत्ती, सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, उपायुक्त जतिन लाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे।
