skip to content

बनीखेत-खैरी सड़क पर कार हादसा: एक की मौत, एक किशोर घायल

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) : बनीखेत-खैरी संपर्क मार्ग पर बडेरू के पास एक निजी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डल्हौजी के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।

मृतक की पहचान करण सिंह, पुत्र व्यास देव, निवासी गांव छनूई, डाकघर बगढार, तहसील डल्हौज़ी के रूप में हुई है। वह अपने चाचा के बेटे सुमित ठाकुर को बाजू में चोट लगने के कारण इलाज के लिए अलेड़ ले गया था। लौटते समय घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम थी, जिससे वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

रातभर दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस चौकी बनीखेत को सूचित किया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मंगलवार सुबह संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया। बडेरू पनिहार क्षेत्र में सड़क किनारे कार की नंबर प्लेट दिखाई दी, जिससे हादसे की जानकारी मिली। तलाशी के दौरान करण सिंह का शव खाई में बरामद कर लिया गया।

कार में मौजूद किशोर सुमित ठाकुर, पुत्र काका राम, की तलाश के लिए पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों में खोजबीन जारी रखी। कुछ देर बाद वह जंगल में घबराई हुई स्थिति में मिला। स्थानीय लोगों ने उसे पीठ के सहारे उठाकर सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण सड़क पर घना कोहरा माना जा रहा है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।