डलहौजी हलचल (चंबा): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चंबा के बग्गा मुख्य मार्ग पर स्थित जामुन मोड़ के पास नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.25 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध तरीके से नजरें चुराते हुए वहां से निकलने लगे। उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों युवक घबरा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 8.25 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर पुलिस थाना सदर चंबा पहुंचाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस्मित सिंह और विक्रमजीत सिंह निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की पुष्टि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कांगड़ा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेणु शर्मा की है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

