Hindi News » breaking-news » chamba boy satvik verma world record one hand cycling 2026

चंबा के 4 वर्षीय मास्टर सात्विक वर्मा ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, एक हाथ से 6 मिनट तक साइकिल चलाकर रचा इतिहास

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (चंबा): हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के एक नन्हे बालक ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से प्रदेश और जिले का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है। मूल रूप से चंबा से संबंध रखने वाले 4 वर्षीय मास्टर सात्विक वर्मा ने इतनी कम उम्र में कलाम वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर एक नया इतिहास रच दिया है। वर्तमान में सात्विक का परिवार नोएडा के सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसायटी में रह रहा है।

नन्हे सात्विक ने वन-हैंड साइक्लिंग का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि देखने वाले भी हैरान रह गए। उन्होंने बिना किसी साइड सपोर्ट (ट्रेनिंग व्हील्स) के लगातार 6 मिनट से अधिक समय तक एक हाथ से साइकिल चलाई। विशेषज्ञों के अनुसार, 4 वर्ष की उम्र में बच्चों के लिए बिना साइड सपोर्ट के साइकिल संतुलित करना ही एक बड़ी चुनौती होती है, ऐसे में एक हाथ से 6 मिनट तक साइकिल चलाना अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है।

13 अगस्त 2021 को जन्मे सात्विक की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता और परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है। दोनों माता-पिता पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उन्होंने व्यस्त दिनचर्या के बावजूद अपने बेटे की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, चंबा में रह रहे उनके दादा-दादी और नाना-नानी का स्नेह, आशीर्वाद और प्रोत्साहन भी इस उपलब्धि की मजबूत नींव बना।

महज 4 साल की उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना न केवल सात्विक के परिवार बल्कि पूरे चंबा और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। जैसे ही यह खबर चंबा पहुंची, स्थानीय लोगों और परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी सात्विक की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

Topics: himachal Himachal Pradesh