Hindi News » breaking-news » chamba couple arrested chitta smuggling pathankot punjab police 2026

चंबा के ककीरा का दंपति चिट्टा तस्करी में गिरफ्तार: बोलेरो के डैशबोर्ड में छिपा रखी थी नशे की खेप

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (चंबा/पठानकोट): हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के ककीरा से संबंध रखने वाले एक दंपति को पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भटियात क्षेत्र के ककीरा निवासी रितिक और उसकी पत्नी सिमरन के रूप में हुई है, जिन्हें 13.10 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी अपनी बोलेरो गाड़ी में सवार होकर दीनानगर क्षेत्र से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट जिले के नरोट जैमल सिंह थाना क्षेत्र में रियैल्टी चौक के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को बोलेरो वाहन संदिग्ध लगा, जिस पर उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी के डैशबोर्ड के अंदर बड़ी चतुराई से छिपाकर रखा गया 13.10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ नरोट जैमल सिंह थाने में मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपति पिछले कुछ समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे और उनकी गतिविधियां पहले से ही पुलिस के राडार पर थीं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशीली खेप दीनानगर से किससे ली गई थी और इसे चंबा में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।