मानसून आपदा से निपटने की तैयारी! मेडिकल कॉलेज चंबा में NDRF का लाइव प्रशिक्षण, छात्रों ने सीखी जान बचाने की तकनीक

पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा में NDRF ने मानसून आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार पर प्रशिक्षण दिया। 120 एमबीबीएस विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मानसून आपदा से निपटने की तैयारी! मेडिकल कॉलेज चंबा में NDRF का लाइव प्रशिक्षण, छात्रों ने सीखी जान बचाने की तकनीक

डलहौज़ी हलचल | चंबा
मानसून सीजन के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) द्वारा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. पंकज गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।

120 एमबीबीएस विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में एमबीबीएस बैच-2022 के लगभग 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम ने विभिन्न आपदा परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के व्यावहारिक तरीके समझाए। प्रशिक्षण के दौरान आपदा में घायल लोगों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और समय रहते उनकी जान बचाने के तरीकों का प्रदर्शन भी किया गया।

प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की दी जानकारी

एनडीआरएफ के प्रशिक्षकों ने भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, बादल फटना, आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि आपदा की स्थिति में घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और प्राथमिक उपचार देने की सही तकनीक क्या होनी चाहिए।

“NDRF संकट की घड़ी में आशा का प्रतीक”

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि मानसून का समय सेवा, समर्पण और सतर्कता की परीक्षा का समय होता है। इस दौरान प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बढ़ जाती है और ऐसे समय में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) लोगों के लिए राहत और विश्वास का प्रतीक बनकर कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा विद्यार्थियों के लिए भी इस प्रकार का प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे प्रभावी भूमिका निभा सकें।

एनडीआरएफ टीम ने किया लाइव प्रदर्शन

एनडीआरएफ के टीम कमांडर इंस्पेक्टर आनंद सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान भूकंप, बाढ़, बादल फटना तथा आग जैसी घटनाओं में बचाव कार्यों का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार की तकनीकों और घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए त्वरित कार्रवाई के महत्व से भी अवगत कराया।


ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में एनडीआरएफ की ओर से सब इंस्पेक्टर पूजा सोलंकी, प्रियक, भोला सिंह, मनोज कुमार, शिल्पा एवं वसीम राजा सहित टीम के सदस्य मौजूद रहे। वहीं मेडिकल कॉलेज की ओर से अधीक्षक ग्रेड-1 रमेश शर्मा, शारीरिक शिक्षक इमरान खान, छायाकार बोधराज, सुरक्षा एवं स्वच्छता कर्मचारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

विज्ञापन