skip to content

भूरेश्वर महादेव मंदिर में मेले का मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया शुभारंभ

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (सिरमौर): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र स्थित भूरेश्वर महादेव मंदिर में मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में भगवान शिव की नई प्रतिमा का अनावरण किया और वन वाटिका भूरेश्वर तथा क्वागधार हैलीपैड का भी लोकार्पण किया।

Chief Minister Thakur Sukhwinder Singh Sukhu

प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर और 2032 तक सबसे समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार कई सार्थक कदम उठा रही है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करते हुए सरकार गेहूं और मक्की को क्रमशः 40 और 30 रुपये प्रति किलो के दर से खरीद रही है। इसके अलावा, गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 45 रुपये और भैंस के दूध का 55 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि मनरेगा की दिहाड़ी को बढ़ाकर 300 रुपये किया गया है।

भूरेश्वर महादेव मंदिर

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सुधारात्मक कदम उठाने का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने 6000 अध्यापकों के पद स्वीकृत किए हैं। इनमें से 3000 अध्यापकों को बैचवाइज भर्ती कर नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि शेष 3000 पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार नए संस्थान खोलने की बजाय पहले से खुले संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं और स्टाफ को प्राथमिकता दे रही है, ताकि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

भूरेश्वर महादेव मंदिर

इको टूरिज्म और सड़क विस्तार

मुख्यमंत्री ने भूरेश्वर महादेव क्षेत्र को इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, उन्होंने ल्वासा चौकी से चण्ड़ीगढ़ सड़क को चौड़ा करने के निर्देश दिए, जिससे इस क्षेत्र का संपर्क और भी मजबूत हो सकेगा।

भूरेश्वर महादेव मंदिर

पूर्व सरकार की आलोचना

मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने चुनावी लाभ के उद्देश्य से बिना बजट प्रावधान के नए स्कूल खोलने की अधिसूचनाएं जारी कीं, जिनमें बुनियादी सुविधाओं की कमी थी। इसके चलते हिमाचल प्रदेश शिक्षा गुणवत्ता में देशभर में 21वें स्थान पर पहुंच गया।

इस कार्यक्रम में विधायक अजय सोलंकी, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।