डलहौजी हलचल (हमीरपुर/सुजानपुर) प्रकाश चंद शर्मा : नगर परिषद सुजानपुर के मुख्य बाजार में इन दिनों एक आवारा कुत्ते का आतंक लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बना हुआ है। बीते तीन दिनों में इस कुत्ते ने करीब नौ लोगों को काट लिया है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं के चलते स्थानीय लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने मुख्य बाजार के चौगान क्षेत्र में तीन लोगों को काटा, जबकि वार्ड नंबर तीन में चार और वार्ड नंबर एक में दो लोगों को अपना शिकार बनाया। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना में घायल हुए लोगों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हुआ, जिसे सुजानपुर अस्पताल में उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया है, जबकि अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार देकर उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सभी पीड़ितों को एंटी रैबीज के टीके लगाए गए हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कुत्ता एक छोटे बच्चे पर हमला करता नजर आ रहा है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन लोग इसे सुजानपुर क्षेत्र से जोड़कर देख रहे हैं, जिससे डर और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ते में रेबीज के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, जिससे खतरा और गंभीर हो गया है। उन्होंने नगर परिषद और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द कुत्ते को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
बीएमओ सुजानपुर डॉ. राजकुमार ने बताया कि सभी घायलों को समय पर उपचार और एंटी रैबीज वैक्सीन दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे आवारा और संदिग्ध जानवरों से दूरी बनाए रखें और सतर्क रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

