Hindi News » breaking-news » cmo chamba inspection project hospital khairi 19 march 2026 4

चंबा में आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दिए समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (चंबा): उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में 20 मार्च को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आकांक्षी जिला एवं खंड कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया गया। बैठक में विभिन्न सूचकांकों, सम्पूर्णता अभियान 2.0, निगमित उत्तरदायित्व योजना तथा नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संकेतकों के तहत जिले में कम जन्म वजन शिशुओं की दर में सुधार लाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पोषण एवं विशेषज्ञों के सहयोग से कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए समय पर पंजीकरण कर कम से कम चार प्रसव-पूर्व जांच (एएनसी) पूरी कराने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत अधिकांश लक्ष्यों की प्राप्ति हो चुकी है, इसलिए ऑनलाइन डाटा अपलोड करते समय विशेष सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने निगमित उत्तरदायित्व योजना और नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध करवाने को कहा। बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, उपनिदेशक उद्यान डॉ. प्रमोद शाह, कृषि विभाग से डॉ. भूपेंद्र सिंह, पशुपालन विभाग से डॉ. राकेश भंगालिया, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह, अग्रणी बैंक प्रबंधक डीसी चौहान, जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनोरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी तिलक कुमार सहित विभिन्न खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।