Hindi News » breaking-news » cmo chamba inspection project hospital khairi 19 march 2026 5

चमेरा-III बांध में 22 मार्च से सिल्ट फ्लशिंग, जलाशय से छोड़ा जाएगा पानी; निचले क्षेत्रों के लिए अलर्ट

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (चंबा): राष्ट्रीय जल विद्युत निगम के तहत संचालित चमेरा-III बांध, खड़ामुख के जलाशय में 22 मार्च से 24 मार्च तक सिल्ट फ्लशिंग का कार्य किया जाएगा। इस दौरान जलाशय से पानी छोड़े जाने के चलते निचले क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

चमेरा-III पावर स्टेशन के प्रमुख टिकेश्वर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 मार्च की रात्रि 11 बजे से 24 मार्च दोपहर 1 बजे तक जलाशय से पानी छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सिल्ट फ्लशिंग का कार्य जलाशय में आने वाले अतिरिक्त पानी के प्रवाह पर भी निर्भर करेगा।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान बांध के गेट खोलकर पानी को धीरे-धीरे छोड़ा जाएगा, जब तक नदी में सामान्य प्रवाह बहाल न हो जाए। ऐसे में बांध के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ सकता है।

सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। पानी छोड़े जाने से पहले सायरन और हूटर बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों में वाहन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा, वहीं ग्राम पंचायत प्रधानों को व्हाट्सएप और एसएमएस के जरिए भी सूचना दी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।