डलहौज़ी हलचल (पालमपुर/धर्मशाला)। भारतीय जनता पार्टी की एक विशेष बैठक का आयोजन पालमपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में किया गया। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार, वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रदेश सचिव तिलक राज, पवन काजल, पुरुषोत्तम गुलेरिया तथा जिला अध्यक्ष रागिनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस एक षड्यंत्रकारी पार्टी है और भाजपा उसके हर षड्यंत्र का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा जनता को गुमराह करने की राजनीति करती रही है और उसके नेता एक ही परिवार के इर्द-गिर्द केंद्रित रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विचारधारा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनता के बीच कार्य कर रहे हैं और कांग्रेस की वास्तविकता को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्धारित सिद्धांतों के अनुरूप ही देश की सरकारें और संस्थाएं कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने धारा 370 के निरसन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह निर्णय देश को एक सूत्र में पिरोने की दिशा में ऐतिहासिक कदम था।
विपिन परमार ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं को केवल संख्या के आधार पर नहीं बल्कि विचार और ज्ञान के आधार पर सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन के उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने तीन तलाक की प्रथा को समाप्त करने को मुस्लिम महिलाओं को समानता और सम्मान दिलाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि जब से देश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से देश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, वंचितों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के लगभग 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार आया है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल कनेक्शन पहुंचाया गया है, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान 20 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में सीधे नकद सहायता भी प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से 52.5 करोड़ से अधिक ऋण देकर युवाओं और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया गया है। इसके अलावा स्टैंड अप इंडिया योजना के तहत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों को 14,700 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण प्रदान किए गए हैं।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से लागू कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। भाजपा कार्यकर्ता इसी संकल्प के साथ संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

