Hindi News » breaking-news » congress plan panchayati raj election chamba voter list update 2026

पंचायती राज चुनाव: बूथ स्तर तक कांग्रेस का प्लान तैयार, 20 अप्रैल तक आएंगी अनुपूरक मतदाता सूचियां

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (चंबा): पंचायती राज चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिला कांग्रेस चंबा ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी ने बताया कि पार्टी द्वारा ब्लॉक स्तर के संयोजकों, पूर्व ब्लॉक अध्यक्षों और सभी अग्रणी संगठनों को पत्राचार के माध्यम से मतदाता सूचियों से संबंधित पूरी प्रक्रिया की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल तक पंचायतों की अनुपूरक मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी जाएंगी। इस प्रक्रिया के तहत सभी बूथों पर कांग्रेस पार्टी अपने बूथ लेवल कार्यकर्ताओं के माध्यम से कार्य करेगी, जबकि ब्लॉक संयोजक और विधानसभा संयोजक अपनी-अपनी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेंगे।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 मार्च 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी, जिनका निपटारा 2 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 10 अप्रैल 2026 तक अपील दायर करने का प्रावधान रखा गया है, जबकि अपीलों का निपटारा 17 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। अनुपूरक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 अप्रैल 2026 को या उससे पहले किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि पार्टी स्तर पर पूरी तैयारी के साथ इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा, ताकि आगामी पंचायती राज चुनावों में संगठन को मजबूती मिल सके।