Hindi News » himachal-latest-news » cv teachers union raised

सीएंडवी अध्यापक संघ ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा से उठाए शिक्षकों के मुद्दे, मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (चंबा)। राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ जिला चंबा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिला अध्यक्ष संजय वर्मा की अध्यक्षता में उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर, शाल और हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही कार्यालय के डीलिंग हैंड यशपाल और ओएसडी उमाकांत को भी शाल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने सीएंडवी अध्यापकों से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं को उपनिदेशक के समक्ष रखा। इनमें सीनियरिटी सूची को अपडेट करने, अध्यापकों की सेवाओं को कन्फर्म करने, सभी अध्यापकों में चार्ज समान रूप से वितरित करने तथा 31 मार्च को अनुबंध पूरा कर रहे अध्यापकों को नियमित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।

उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन ने इन मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित डीलिंग हैंड यशपाल को इन बिंदुओं को नोट करने और जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने सीएंडवी अध्यापकों को 20 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर मिलने वाली विशेष वेतन वृद्धियों, कला विषय की पाठ्य-पुस्तक उपलब्ध करवाने तथा एसएमसी शिक्षकों को शीघ्र नियमित करने के मुद्दों पर भी चर्चा की। उपनिदेशक ने इन मांगों को उच्च अधिकारियों तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव सुनील सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष राकेश शास्त्री और महामंत्री किशन चंद भी उपस्थित रहे।