डलहौजी हलचल (डलहौजी) : चंबा जिला की पर्यटन नगरी डलहौजी के करेलनू सड़क मार्ग पर गांधी चौक के समीप ही देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जालंधर निवासी दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। सभी जालंधर के एक ही स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत बताए जा रहे हैं और छुट्टियां मनाने के लिए डलहौजी आए हुए थे। हादसे में एक युवक और एक युवती की जान चली गई, जबकि अन्य चार घायल हो गए।
हादसे के बाद खाई में गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया। अन्य दो घायलों का उपचार डलहौजी के अस्पताल में जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए विजय कुमार सकलानी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ।
इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और रात्रि यात्रा से बचने की अपील की है।

