डलहौजी हलचल (डलहौजी): गर्मियों के सीजन में बढ़ने वाली पर्यटकों की आमद को देखते हुए पर्यटन स्थल डलहौजी में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। इस संबंध में वीरवार को एसडीएम कार्यालय डलहौजी में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम अनिल भारद्वाज ने की। बैठक में डीएसपी मयंक शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान आगामी सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वन-वे व्यवस्था के तहत बस अड्डा से सुभाष चौक और सुभाष चौक से जीपीओ की ओर यातायात संचालित किया जाएगा। वहीं गांधी चौक से बस अड्डा जाने के लिए चर्च बैलून रोड होते हुए गुरु नानक पब्लिक स्कूल मार्ग का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा सुभाष चौक से एसडीएम कार्यालय और नागरिक अस्पताल जाने के लिए कोर्ट रोड से होकर जाना होगा, जबकि पतेरेनी रोड के माध्यम से वापस सुभाष चौक पहुंचा जा सकेगा।

प्रशासन, पुलिस, एम्बुलेंस और स्थानीय प्रेस की गाड़ियों को इस व्यवस्था में छूट दी जाएगी। बैठक के दौरान पानी के टैंकरों के संचालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही सड़क किनारे येलो लाइन के बाहर खड़े वाहनों और बेतरतीब पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो। इसके अलावा सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री पर भी प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

