डलहौज़ी हलचल (मंडी) प्रकाश चंद शर्मा । बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को लेकर उपायुक्त मंडी को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य ठप पड़े हैं और संबंधित अधिकारी अपेक्षित गति से कार्य नहीं कर रहे हैं।
विधायक ने उपायुक्त को विकास कार्यों से जुड़ी एक विस्तृत सूची भी सौंपी और मांग की कि विधायक निधि के तहत स्वीकृत राशि को जल्द जारी किया जाए, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने विभिन्न पंचायतों और गांवों में सड़कों के निर्माण, मैटलिंग, टायरिंग और मरम्मत, पेयजल योजनाओं के सुधार, तथा सार्वजनिक भवनों के निर्माण और मरम्मत जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक ने उपायुक्त से आग्रह किया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर इन कार्यों में तेजी लाई जाए।
इसके साथ ही उन्होंने पेयजल योजनाओं से संबंधित छह मामलों को भी प्रशासन के समक्ष उठाया और कहा कि इन योजनाओं को शीघ्र पूरा कर लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाया जाए।
उपायुक्त मंडी ने विधायक को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।

