Hindi News » himachal-latest-news » dr bindal offered shraddha suman

डॉ. परमार की जयंती पर डॉ. बिंदल ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (नाहन) विजय आजाद:  हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की 119वीं जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्षदों, नगर परिषद अध्यक्ष और आम जनमानस ने भी भाग लिया।

डॉ. परमार का योगदान हिमाचल के लिए अमूल्य”: डॉ. बिंदल

डॉ. बिंदल ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार ने जिस दूरदृष्टि और दृढ़ निश्चय के साथ हिमाचल प्रदेश की नींव रखी, वह आज भी प्रदेश के विकास का आधार स्तंभ है। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार न केवल हिमाचल के पहले मुख्यमंत्री थे, बल्कि उन्होंने पहाड़ी राज्य के लिए सड़कों को भाग्य रेखाएं” मानते हुए सड़क निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल में लगभग 40,000 किलोमीटर सड़कों में से 20,000 किलोमीटर सड़कें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGYSY) के तहत बनाई गई हैं। यह योजना भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई थी, जो ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने वाला एक क्रांतिकारी कदम साबित हुआ। डॉ. बिंदल ने कहा,“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल जी की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए बीते 11 वर्षों में देशभर में सड़क नेटवर्क को नई गति दी है। हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेशों के लिए यह विकास की रीढ़ है।”

डॉ. परमार की जयंती

संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए परमार के प्रयास अनुकरणीय

डॉ. बिंदल ने डॉ. परमार के सांस्कृतिक योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार ने पहाड़ी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को बचाने के लिए कई ठोस कदम उठाए, जिससे हिमाचल की समृद्ध पहाड़ी पहचान का संरक्षण हो सका। उन्होंने परमार को प्रेरणा का शाश्वत स्रोत बताया।

कार्यक्रम में उमड़ा जनसमूह, लिया परमार के आदर्शों पर चलने का संकल्प

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के जिला एवं मंडल स्तरीय पदाधिकारी, पार्षदगण, नगर परिषद की अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने डॉ. परमार के योगदान को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।