Hindi News » breaking-news » ds thakur mother vidya devi death dalhousie chamba news

डलहौजी विधायक डी.एस. ठाकुर की माता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (डलहौजी) : डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर की माता विद्या देवी का सोमवार शाम निधन हो गया। वह करीब 90 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार विद्या देवी का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा था, जहां सोमवार शाम लगभग 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही उनके स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना मिली, विधायक डी.एस. ठाकुर विधानसभा सत्र छोड़कर तुरंत चंबा पहुंच गए।

आज पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

परिजनों के अनुसार विद्या देवी का अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव कंडला में किया जाएगा।

सादगी और सेवा भावना की मिसाल थीं विद्या देवी

विद्या देवी अपने सरल, धार्मिक और मिलनसार स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने करीब 20 वर्ष पहले पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाली और अपने बेटे को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए वह हमेशा तत्पर रहती थीं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया गहरा शोक

उनके निधन पर भरमौर-पांगी के विधायक जनक राज, चुराह के विधायक हंसराज, पूर्व विधायक विक्रम सिंह जरयाल, पवन नैय्यर, जियालाल कपूर और भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज नैय्याल सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

क्षेत्र के लोगों ने भी विद्या देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सादगीपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान को याद किया।