सलूणी में गरजे भाजपा के राष्ट्रिय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, जनता ने किया तय राज नहीं रिवाज बदलेंगे
सलूणी में गरजे भाजपा के राष्ट्रिय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, जनता ने किया तय राज नहीं रिवाज बदलेंगे

डलहौज़ी हलचल (चंबा) : डलहौज़ी विधानसभा क्षेत्र के सलूणी स्थित खेल मैदान में आज भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा के प्रत्याशी डीएस ठाकुर को विजयी बना कर विधानसभा में भेजने के लिए कहा उन्होंने कहा कि आपके उत्साह से ये प्रतीत हो रहा है कि भाजपा की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि यहाँ से विधायक आशा कुमारी आइडिया मांग रही है लेकिन वो ये भूल गई है कि करोड़ों की योजनाएं डलहौजी में चल रही हैं और क्या आइडिया बताने को हम ही रह गए है । जगत प्रकाश नड्डा ने आशा कुमारी पर तंज कसते हुए कहा की आपको एक आइडिया हम भी देते है कि आप अब घर बैठकर आराम कीजिए और डीएस ठाकुर को काम करने दीजिए। डीएस ठाकुर जनता के लिए आशा कुमारी परिवार के लिए हैं। यह डलहौजी की जनता के हक की लड़ाई है।
सलूणी में हुए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए माननीय नड्डा ने कहा कि सलूणी में 50 बेड की क्षमता वाले सदर अस्पताल के खुलने की कार्रवाई शुरू हो गई है। एक आईटीआई संस्थान भी यहाँ खुलने जा रहा है। यहाँ लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति परियोजना पर काम शुरू हो गया है। लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत से डलहौजी शहरी विकास परियोजना पर काम चल रहा है। इस विधान सभा में एक डिग्री कॉलेज भी बन रहा है, बीडीओ का ऑफिस बन रहा है। एक उप-तहसील खोलने की भी घोषणा की गई है। क्या कारण है कि सलूणी में डिग्री कॉलेज नहीं आया? क्या कारण है कि टूरिस्ट सेंटर होने के बावजूद डलहौजी में सही ढंग की पेय जलापूर्ति की परियोजना नहीं पहुंची? क्या कारण है कि 50 बेड के अस्पताल के लिए सलूणी की जनता तरसती रही और किसी ने सुध नहीं ली? क्या कारण है कि यहां विकास के जो कार्य होने चाहिए थे, वे नहीं हुए? कांग्रेस ने 35 साल से यहाँ की चिंता नहीं की और अब कह रहे हैं कि आइडिया बताओ। आपको 35 साल तक विकास करने का आइडिया ही नहीं आया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि काम करने की आपकी न तो सोच है और न ही आदत। लोगों की सेवा करने के बारे में आपने कभी सोचा नहीं। बड़े परिवारों में पलने वाले, लोगों की समस्याएं एवं जरूरतों को जानते एवं समझते नहीं है। हमारे उम्मीदवार जनता के लिए समर्पित हैं जबकि अन्य राजनीतिक दलों के उम्मीदवार केवल और केवल एक परिवार के लिए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में फिर से विजयी होकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ेंगे। नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 2022 में दोबारा से सरकार बनाई। उत्तराखंड में भी रिवाज बदला। गोवा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई। मणिपुर में भी दोबारा भाजपा की सरकार बनाई और अब हिमाचल प्रदेश में भी रिवाज बदलेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को हिमाचल की चिंता है। चंबा आगमन पर उपहार में दिए गए चोला डोरा को उन्होंने केदारनाथ यात्रा के दौरान विशेष रूप से पहन कर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की।
उन्होंने कहा कि एक समय था, जब प्रधानमंत्री बोलते थे कि मैं एक रुपया भेजता हूं लेकिन 85 पैसे न जाने कहां गायब हो जाते हैं। अभी प्रधानमंत्री शिमला आए थे, उन्होंने एक बटन दबाया और किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये पहुंच गए। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर तंज किया कि एक अन्य पार्टी भी हिमाचल आई, पर वह आई पीछे गई पहले। हिमाचल से दिल्ली-पंजाब काफी नजदीक है। हिमाचल के लोगों को मालूम चला कि ये तो छल-कपट करने वाली पार्टी है। ऐसे में इस पार्टी को आभास हो गया कि यहां पर काम बनने वाला नहीं है। लिहाजा, अब उन्होंने गुजरात में डेरा डाल लिया है।
इस दौरान बनीखेत वार्ड से जिला परिषद पवन टंडन, भलेई मंदिर के पुजारी लोकी नन्द ,भीम आर्मी जिला वरिष्ट उपाध्यक्ष रमेश कुमार सहित कई लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया ।