skip to content

हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की सुरक्षित यात्रा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित: मुख्यमंत्री

Published On:
Responsive 5-Image Slider
skip to content
Image 1 Image 2

डलहौज़ी हलचल (शिमला) : हिमाचल प्रदेश में इस साल पर्यटकों की संख्या में ज़बरदस्त वृद्धि देखी गई है। वर्ष 2024 की पहली छमाही में प्रदेश ने एक करोड़ से अधिक पर्यटकों का स्वागत किया। हिमाचल की मनोहारी वादियाँ, स्वच्छ वातावरण और राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाओं के चलते, इस साल जून माह के अंत तक रिकॉर्ड 1,00,87,440 पर्यटक हिमाचल की यात्रा पर आए।

प्रमुख पर्यटन स्थल

हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल जैसे शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति पर्यटकों से गुलजार रहे। कुल्लू और शिमला जिलों में सबसे अधिक पर्यटक पहुंचे, जहाँ क्रमशः 4,73,737 और 4,48,392 सैलानियों ने यात्रा की।

जुलाई में भी जारी पर्यटकों का आगमन

जुलाई माह में भी पर्यटकों का हिमाचल प्रदेश में आगमन निरंतर जारी है। प्रदेश की अधिकांश सड़कों को पर्यटकों के सुगम आवागमन के लिए खुला रखा गया है, ताकि पर्यटक हिमाचल की नैसर्गिक सुंदरता का आनंद ले सकें।

क्या कहते हैं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पर्यटकों को आश्वस्त किया कि प्रदेश के अधिकांश मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा, “खराब मौसम के कारण कुछ सड़कों पर अवरोध उत्पन्न हुआ था, लेकिन वर्तमान में अधिकतर सड़कों को खोल दिया गया है। जुलाई महीने में हजारों पर्यटकों ने हिमाचल की सैर की है और इस वर्ष के अंत तक पर्यटकों की संख्या दो करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है।”

सुरक्षित यात्रा और सूचना उपलब्धता

मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटक अपनी यात्रा से संबंधित जानकारी संबंधित जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के हेल्पलाइन नंबर और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। सरकार पर्यटकों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव प्रयास कर रही है।

सड़कों की बहाली और सूचना प्रसार

मुख्यमंत्री ने सैलानियों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग बाधित सड़कों को बहाल करने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग पर्यटकों को विशेष सड़कों पर यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर रहा है। जिला प्रशासन और हिमाचल पुलिस द्वारा सड़कों की स्थिति संबंधी जानकारी निरंतर उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।