विकास परियोजनाओं से जुड़े अनुमति मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित
डलहौज़ी हलचल (चंबा), 16 मार्च। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने निर्देश दिए कि विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं से जुड़े एफसीए (वन संरक्षण अधिनियम) अनुमति मामलों की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त सोमवार को वन मंडल चुराह में कार्यान्वित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं से जुड़े एफसीए अनुमति मामलों की प्रगति की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों के भवन निर्माण के लिए एफआरए (वन अधिकार अधिनियम) के तहत अनुमति मामलों को शीघ्र तैयार कर संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के प्रयास करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में आपत्तियां लंबित हैं, उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए और आवश्यक दस्तावेज समय रहते पूरे किए जाएं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित परिवेश-1 पोर्टल पर 25 और परिवेश-2 पर 5 मामले अनुमति के लिए प्रक्रिया में हैं।
बैठक में वन मंडल अधिकारी सुशील गुलेरिया, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण जोगिंदर शर्मा और सहायक अभियंता संजीव अत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

