डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) : भाजपा शासनकाल में भटियात क्षेत्र में किए गए शिलान्यासों को कांग्रेस कार्यकाल में तोड़ा जा रहा है। यह बात चंबा जिला भाजपा मीडिया सह प्रभारी सुभाष महाजन ने कही।
उन्होंने कहा कि जब से हिमाचल में कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, पिछले भाजपा शासनकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को प्रभावित करने और उन्हें जनता की नजरों से छिपाने की कोशिश की जा रही है। महाजन ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में लौटते ही भाजपा शासनकाल में खोले गए विभिन्न संस्थानों को डिनोटिफाई कर बंद कर दिया और अब भाजपा शासनकाल में हुए विकास के शिलान्यासों को तोड़ने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 माह में चंबा जिला के भटियात विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे शिलान्यास टूटे हैं, जो भाजपा कार्यकाल में हुए थे। सिहुंता क्षेत्र में 9 नवंबर 2020 को तत्कालीन भटियात विधायक बिक्रम सिंह जरयाल की मौजूदगी में तत्कालीन जल शक्ति विभाग की सिंचाई योजना का शिलान्यास किया गया था, जिसे हाल ही में शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि कांग्रेस के कार्यकाल में केवल भाजपा के शिलान्यास समारोह को ही निशाना बनाया जा रहा है। महाजन ने कहा कि साजिशकर्ता चाहे लाख कोशिश कर लें, लेकिन झूठी गारंटी के दम पर सत्ता में लौटी भाजपा के विकास की छाप जनता के दिलों में नहीं मिटा पाएंगे।
भाजपा मीडिया सह प्रभारी सुभाष महाजन ने एसपी चंबा से मांग की है कि पिछले 10 माह के दौरान भटियात क्षेत्र में तोड़े गए भाजपा के शिलान्यासों की जांच की जाए और दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए।