Hindi News » breaking-news » golden opportunity for youth

युवाओं के लिए सुनहरा मौका: PM-अजय योजना में फ्री स्किल ट्रेनिंग, 31 मार्च तक करें आवेदन

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (सोलन)। अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए कौशल विकास का बड़ा अवसर सामने आया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

यह जानकारी देते हुए जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 31 मार्च 2026 तक अपने आवेदन कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

इस योजना के तहत युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने के लिए दो प्रमुख कोर्स चलाए जाएंगे—

  • कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) की अवधारणाएं
  • ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग असिस्टेंट

दोनों कोर्स 3 माह की अवधि के होंगे, जिनमें प्रतिदिन 4 घंटे प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुल 30 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिन्हें आवश्यकता अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है।

योग्यता व शर्तें:

  • आवेदक हिमाचल प्रदेश का मूल निवासी और अनुसूचित जाति वर्ग से होना चाहिए
  • आयु सीमा: 18 से 35 वर्ष
  • AI कोर्स के लिए न्यूनतम योग्यता: स्नातक
  • ऑफिस ऑटोमेशन कोर्स के लिए: जमा दो (12वीं)
  • BPL वर्ग को प्राथमिकता
  • 30% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित

प्रशिक्षण वर्टेक्स संस्थान, राजगढ़ मार्ग सोलन में दिया जाएगा। खास बात यह है कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा और कोर्स पूरा करने पर अभ्यर्थियों को ₹2000 प्रतिमाह स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा।

जिला कल्याण अधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और समय रहते आवेदन कर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दें।