Hindi News » breaking-news » himachal pradesh itbp inspector dies

हिमाचल प्रदेश: लाहौल-स्पीति में ITBP इंस्पेक्टर की करग्युपा नाले में बहने से मौत

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल  (लाहौल-स्पीति) : हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में काजा उपमंडल के करग्युपा नाले को पार करते समय आईटीबीपी में तैनात इंस्पेक्टर चंद्रमोहन नेगी की दुखद मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक मंयक ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि 54 वर्षीय चंद्रमोहन नेगी, जो पौड़ी गढ़वाल, देहरादून के निवासी थे, 25 जुलाई को 4:30 बजे गश्त के दौरान नाले में फिसल गए।

पुलिस अधीक्षक मंयक ने दी जानकारी

लाहौल-स्पीति के पुलिस अधीक्षक मंयक ने बताया कि आईटीबीपी 17वीं वाहिनी में बतौर इंस्पेक्टर तैनात निरीक्षक चंद्रमोहन नेगी (54), जो कि तल्ली कांडई, पौड़ी गढ़वाल, दुर्गा चौक, जौलीग्रांट, देहरादून के निवासी थे, 25 जुलाई को शाम 4:30 बजे गश्त के दौरान करग्युपा नाला पार कर रहे थे। अचानक पैर फिसलने के कारण नेगी नाले में गिर गए और लगभग 100 मीटर तक बह गए। इस हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव बरामद कर आईटीबीपी को सौंपा गया

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आईटीबीपी के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने निरीक्षक चंद्रमोहन नेगी का शव बरामद कर काजा अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को आईटीबीपी को सौंप दिया गया। इस घटना से नेगी के सहकर्मी और परिवारजन गहरे शोक में हैं।