डलहौज़ी हलचल (शिमला) : राजभवन में शुक्रवार को होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला ने भाग लिया और प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री व अन्य गणमान्य हस्तियां रहीं उपस्थित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी शामिल हुए।
विपक्ष के नेताओं ने भी दी बधाई
नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर, अन्य भाजपा विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर होली की बधाई दी।
इसके अलावा, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक अतुल वर्मा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने एकता और नशा मुक्त समाज पर दिया जोर
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि होली एकता, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है, जहां सभी मतभेदों को भुलाकर प्रेम और रंगों के साथ पर्व को मनाया जाता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध होली परंपरा की सराहना की और इसे प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा बताया।
राज्यपाल ने ‘हिमाचल बचाओ, नशा भगाओ’ अभियान पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश के लोग, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक, इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और इस अभियान को और मजबूत करने की अपील की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान पूजा कला मंच के कलाकारों ने होली उत्सव पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल में उल्लास और उमंग छा गया।
इस आयोजन में राजभवन के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य आमंत्रित सदस्य भी शामिल हुए। राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
तस्वीरें








