Hindi News » breaking-news » ias probationers meet dc anupam kashyap shimla winter study tour 2026

शिमला में 2025 बैच के IAS प्रोबेशनर अधिकारियों की DC अनुपम कश्यप से मुलाकात, विंटर स्टडी टूर पर पहुंचे अधिकारी

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (शिमला): 2025 बैच के प्रोबेशनर आईएएस अधिकारियों के एक दल ने शिमला में उपायुक्त अनुपम कश्यप से मुलाकात की। इस दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, प्रोबेशनर अधिकारियों ने भी उपायुक्त को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी से 12 प्रोबेशनर आईएएस अधिकारियों का दल 17 मार्च से 22 मार्च 2026 तक शिमला के विंटर स्टडी टूर पर है। इस दौरान अधिकारी विभिन्न प्रमुख संस्थानों का दौरा कर रहे हैं, जिनमें भारतीय उन्नत अध्ययन संस्थान, केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जाखू शामिल हैं।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने प्रोबेशनर अधिकारियों को मशोबरा स्थित बाल देखभाल संस्थान (सीसीआई) का दौरा करने और मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत निराश्रित और बेसहारा बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” का दर्जा दिया गया है और उनकी पढ़ाई-लिखाई, रहने और अन्य जरूरतों का पूरा खर्च प्रदेश सरकार उठा रही है।

इसके अलावा उपायुक्त ने बताया कि 21 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को बजट सत्र में भाग लेने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इस विंटर स्टडी टूर के दौरान अधिकारी सरकार की योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को समझेंगे, जिससे उनमें समाज के कमजोर वर्ग के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।

इस मौके पर तहसील कल्याण अधिकारी सुरेंद्र बिमटा भी मौजूद रहे, जिन्हें जिला प्रशासन की ओर से इस दल के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।