डलहौज़ी हलचल (शिमला) : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि मूसलाधार बारिश के कारण मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में हुई भारी तबाही के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को गति दी जा रही है और प्रभावितों की हरसंभव सहायता की जा रही है।
प्रभावितों को ₹5000 मकान किराया, आश्रय के लिए स्थानीयों से सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के घर आपदा में क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें ₹5000 प्रतिमाह की मकान किराये की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने सराज क्षेत्र के निवासियों से अपील की कि जिनके पास अतिरिक्त कमरे उपलब्ध हैं, वे प्रभावित परिवारों को किराये पर आश्रय दें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रभावितों को खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
खच्चरों से पहुंच रही राहत सामग्री, बहाल हो रहे रास्ते
मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत सामग्री खच्चरों के माध्यम से भी दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचाई जा रही है। कई मार्गों को बहाल कर दिया गया है, जिससे राहत कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने यह भी बताया कि वे नियमित रूप से जिला प्रशासन से फीडबैक ले रहे हैं और स्वयं भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
रेड अलर्ट पर सरकार सतर्क, मंत्री निगरानी में जुटे
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मौसम विभाग ने रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस संबंध में राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शुक्रवार से प्रभावित क्षेत्रों में डटे हुए हैं, जबकि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शनिवार से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी के लिए दौरे पर रहेंगे।