डलहौज़ी हलचल (चंबा): विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज और सड़क सुविधा से वंचित गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष आज ग्राम पंचायत मलूंडा में जाजड़ी से भटुंई तक 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 3.7 किलोमीटर लंबे संपर्क सड़क मार्ग की आधारशिला रखने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की रीढ़ होती हैं। इस संपर्क मार्ग के निर्माण से चलेला, धनोड़ी, कुट, कुटला जुकाणी, भटुंई, बड़ेई, भद्राडा तथा आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और उनका दैनिक जीवन अधिक सुगम होगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में भटुंई से सड़क का विस्तार कर इसे सेला और मैथला गांवों से भी जोड़ा जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को विस्तार देने के लिए पहले तैयार की गई विशेष कार्य योजना के अब सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के तहत भटियात क्षेत्र में लगभग 146 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें ग्राम पंचायत मलूंडा, तुरकड़ा, कूडनू, बनेट और गाहर पंचायतों के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली सात सड़कों पर लगभग 30 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं और इन कार्यों की विभागीय औपचारिकताएं भी प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में करीब 80 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 के तहत 12 नए संपर्क मार्गों को स्वीकृति दी गई है, जिनके माध्यम से लगभग 70 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों पर करीब 115.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि जल शक्ति विभाग के तहत भटियात क्षेत्र में 365 करोड़ रुपये की लागत से 46 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इनमें चुवाड़ी क्षेत्र तथा ग्राम पंचायत मलूंडा, जतरुण, कूडनू, गाहर, बनेट, आवां और परछोड़ में लगभग 54 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने आगामी जिला चंबा प्रवास के दौरान करीब 400 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और 250 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज के क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर राज्य वन निगम के निदेशक मंडल सदस्य कृष्ण चंद्र, वूल फेडरेशन के सदस्य निदेशक अजय कुमार, एसटी सेल अध्यक्ष सुरेंद्र चाढ़क, एसडीएम मनीष सोनी, कार्यवाह अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण महेंद्र धीमान, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, तहसीलदार जय सिंह, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, राकेश ठाकुर, पंकज राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

