Hindi News » breaking-news » keval singh pathania gorda chhinj mela budget rural economy shahpur 2026

गोरडा छिन्ज मेले में बोले केवल सिंह पठानिया: सुक्खू सरकार का बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को करेगा मजबूत

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (शाहपुर): शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने गोरडा छिन्ज मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए प्रदेश सरकार के चौथे बजट को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत यह बजट गांवों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि यह बजट ग्रामीण विकास, किसानों की मजबूती और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और इसका सीधा लाभ ग्रामीण जनता को मिलेगा।

मेले के अवसर पर उन्होंने कहा कि छिन्ज मेले और पारंपरिक आयोजन प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति के प्रतीक हैं। ऐसे मेले सामाजिक समरसता, भाईचारे और परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए अतिरिक्त आय का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में इन दिनों आयोजित हो रहे पारंपरिक मेले लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में पेयजल समस्या का भी जिक्र करते हुए कहा कि इसे दूर करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने जानकारी दी कि उपमुख्यमंत्री, जिनके पास जल शक्ति विभाग का प्रभार है, शीघ्र ही क्षेत्र का दौरा करेंगे और संबंधित योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने गोरडा छिन्ज मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को बधाई दी और उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया तथा मेला कमेटी को 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, पूर्व सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, मेला कमेटी प्रधान गगन, उपप्रधान पृथी सिंह, राजेश राणा, इकबाल मिन्टा, सुशील गोस्वामी, राकेश कटोच, शशी, मोहित राणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।