डलहौज़ी हलचल : छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के दूसरे दिन भी हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाकर प्रदेश का नाम रोशन किया। ग्रीको रोमन स्टाइल में पीयूष गुज्जर ने 87 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके मुकाबलों में तकनीकी कौशल और मजबूत पकड़ का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इसी भार वर्ग में टेक चंद ने भी संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं, मोहित कुमार ने 97 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। फाइनल मुकाबले में उन्होंने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। महिला वर्ग में मुस्कान ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।प्रतियोगिता के पहले दिन भी हिमाचल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। ग्रीको रोमन कुश्ती के 62 किलोग्राम वर्ग में प्रियंका चौधरी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 97 किलोग्राम वर्ग में नवेश ने भी गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। इसी वर्ग में साहिल चौधरी ने कांस्य पदक जीता, जबकि 67 किलोग्राम वर्ग में अक्षय कुमार ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया।
फ्री स्टाइल कुश्ती में भी ऊना के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। 74 किलोग्राम वर्ग में अंकुश कुमार और 125 किलोग्राम वर्ग में हरपाल ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। हिमाचल के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन आने वाले समय में अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।










