skip to content

मंडी शिवरात्रि महोत्सव : बड़ा देव कमरूनाग को मिला पहला निमंत्रण

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (मंडी), 4 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शामिल होने के लिए मंडी जिले के बड़ा देव कमरूनाग को पहला न्यून्द्रा (निमंत्रण) भेजा गया है। यह निमंत्रण शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी की ओर से उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) गोहर लक्ष्मण कनेट द्वारा सौंपा गया।

216 देवी-देवताओं को भेजा जाएगा निमंत्रण

इस वर्ष प्रशासन द्वारा कुल 216 देवी-देवताओं को महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। खास बात यह है कि सभी देवी-देवताओं को इस बार मंडी कलम शैली से निर्मित विशेष निमंत्रण दिए जा रहे हैं। बड़ा देव कमरूनाग के गुर देवी सिंह और कटवाल काहन सिंह ने यह निमंत्रण स्वीकार किया।

देव कमरूनाग और माधोराय के मिलन से शुरू होंगे शिवरात्रि महोत्सव के विधिवत कारज

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध इस शिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत देव कमरूनाग और भगवान माधोराय के भव्य मिलन के साथ होती है। जब बड़ा देव कमरूनाग मंडी पहुंचते हैं, तो शहर के प्रवेश द्वार पर उनका भव्य स्वागत किया जाता है। इसके साथ ही महोत्सव के पारंपरिक अनुष्ठान और धार्मिक आयोजन शुरू हो जाते हैं।

शाही परंपरा के अनुरूप होगा स्वागत

शिवरात्रि मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी 25 फरवरी को पुलघराट पर बड़ा देव कमरूनाग की अगुवानी करेंगे। इसके बाद मंडी रियासत का शाही परिवार देवता का स्वागत करेगा। देव कमरूनाग राजा माधव राय से उनके महल में भेंट करेंगे और विश्राम के बाद माता श्यामाकाली मंदिर, टारना में शिवरात्रि महोत्सव के समापन तक विराजमान रहेंगे।

देवी-देवताओं की हाजिरी के साथ होगा भव्य आयोजन

शिवरात्रि महोत्सव में विभिन्न देवी-देवता भी भाग लेंगे और श्री माधव राय के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। इस पवित्र आयोजन के लिए बड़ा देव कमरूनाग के कारदारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस महोत्सव में हर साल हजारों श्रद्धालु और पर्यटक भाग लेते हैं, जिससे यह हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का भव्य प्रतीक बन जाता है।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।