डलहौज़ी हलचल (पांगी) – पांगी उपमंडल में महिला द्वारा एक पटवारी पर लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। अब पटवारी मान सिंह ने महिला और उसके परिजनों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में पुलिस थाना किलाड़ में शिकायत दर्ज करवाई है और महिला के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
पटवारी की ओर से लगाए गए आरोप
पटवारी मान सिंह का कहना है कि 1 मई को सुबह करीब 10 बजे महिला उनके क्वार्टर में आई थी, जब वहां मिस्त्री और मजदूर छत पर कार्यरत थे। महिला ने अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र बनाने की मांग की, लेकिन नियमों के अनुसार उसका प्रमाण पत्र नहीं बन सकता था। उन्होंने बताया कि महिला के पिता हरियाणा के निवासी हैं और उनकी पत्नी के नाम पांगी में भूमि नहीं है, जो कि प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आवश्यक शर्त है।
पटवारी का दावा है कि मना करने पर महिला ने गाली-गलौच की और चली गई। लेकिन शाम को लगभग 7 बजे महिला अपने जीजा व अन्य 3-4 लोगों के साथ उनके क्वार्टर पर पहुंची और फिर से प्रमाण पत्र की मांग करने लगी। मना करने पर उन्होंने दरवाजे पर लात मारी, जान से मारने की धमकी दी और जब तहसीलदार को बुलाया गया, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आई। तहसीलदार की मौजूदगी में आरोपितों ने मारपीट भी की, जिसका विवरण शिकायत में दिया गया है।
महिला के आरोप और जनाक्रोश
इससे पहले महिला ने आरोप लगाया था कि पटवारी ने उसे अपने क्वार्टर में बुलाकर छेड़छाड़ की। इस शिकायत पर पुलिस ने पहले ही मामला दर्ज कर लिया था। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने राजस्व कार्यालय और पुलिस थाने का घेराव भी किया था।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी किलाड़ विजय कुमार ने दोनों पक्षों से शिकायतें प्राप्त होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों, गवाहों और अन्य सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच करेगी।