डलहौजी हलचल (नौहराधार) कपिल शर्मा : नौहराधार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवन का निर्माण कार्य पिछले करीब 10 वर्षों से अधर में लटका हुआ है। वर्ष 2016 में इस भवन के निर्माण के लिए 4 करोड़ 88 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे और उसी वर्ष तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसकी आधारशिला रखी थी। हालांकि निर्माण कार्य की शुरुआत साइड डेवलपमेंट और खुदाई से हुई, लेकिन लंबे समय तक यह परियोजना पूरी नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि 25 सितंबर 2015 को इस स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड किया गया था, जबकि 23 सितंबर 2016 को भवन की आधारशिला रखी गई थी। भवन अधूरा होने के कारण क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा स्थिति में CHC नौहराधार में केवल दो बिस्तरों की व्यवस्था है और कई बार एक ही बिस्तर पर दो मरीजों को भर्ती करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।
करीब 24 पंचायतों के अलावा हरिपुरधार और जिला शिमला के कुपवी क्षेत्र के लोग भी इसी केंद्र पर निर्भर हैं। अस्पताल में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और न ही डॉक्टरों के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता खजान सिंह के अनुसार अब इस भवन का निर्माण 6 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से पांच मंजिला किया जा रहा है, जिसमें लिफ्ट और पार्किंग की सुविधा भी होगी। उन्होंने बताया कि लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य एक से डेढ़ महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
भवन के बेसमेंट में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, आंखों की ओपीडी, रिकॉर्ड रूम और पार्किंग की सुविधा होगी, जबकि ऊपरी मंजिलों में ऑपरेशन थियेटर, बीएमओ कार्यालय, मीटिंग हॉल, विशेष वार्ड और स्टोर रूम बनाए जाएंगे।
पिछले वर्ष स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कुपवी क्षेत्र के दौरे के दौरान इस निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया था और अधिकारियों को कार्य शीघ्र व गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए थे।
वहीं, अधिशासी अभियंता राम सिंह ठाकुर ने बताया कि अब केवल अंतिम चरण का कार्य शेष है और जल्द ही भवन को स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार से अपील की है कि इस भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से करवाया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यदि मुख्यमंत्री का दौरा माँ भंगायणी मेले के दौरान तय होता है, तो इस बहुप्रतीक्षित भवन का उद्घाटन संभव हो सकता है।

