डलहौजी हलचल (चंबा): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत बजट को चंबा के विधायक नीरज नैय्यर ने दूरदर्शी, जनहितकारी और ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह बजट जिले के लिए विकास और आत्मनिर्भरता की नई दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल योजनाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि चंबा के समग्र विकास का व्यापक विज़न है।
विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चंबा के दूसरे चरण के विस्तार पर 194 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे आधुनिक सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सक और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा। इसके साथ ही 40 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू और कैथ लैब की स्थापना से गंभीर मरीजों को जिले में ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को लेकर भी बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। हेलीपोर्ट, स्कूल, MSSC सेंटर और बाल आश्रमों के लिए 18 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। चंबा-जोत टनल परियोजना को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी, जिससे पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, वहीं सुल्तानपुर हेलीपोर्ट के निर्माण से क्षेत्र को हवाई संपर्क भी मिलेगा।
संस्कृति और विरासत संरक्षण को लेकर भूरी सिंह संग्रहालय के नवीनीकरण की योजना बनाई गई है। इसके अलावा चंबा मेटल क्राफ्ट और ‘चुख’ जैसे स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे कारीगरों और किसानों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए 300 करोड़ रुपये की ‘पहेल’ योजना के तहत 40 हजार से अधिक परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं ऊन के लिए 100 रुपये प्रति किलो का समर्थन मूल्य तय किया गया है, जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी।
किसानों के हित में गेहूं, मक्का, जौ और हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के साथ अदरक को पहली बार एमएसपी के दायरे में लाया गया है। ‘बीज गांव’ योजना से स्थानीय बीज उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। दूध उत्पादकों के लिए गाय का दूध 61 रुपये और भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है।
युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चंबा को खेलों के क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जबकि आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे संस्थानों में चयनित छात्रों की फीस सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
विधायक नीरज नैय्यर ने बताया कि गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए ‘शुभ विवाह योजना’ के तहत 51 हजार रुपये की सहायता, ‘अपना सुखी परिवार योजना’ के तहत एक लाख परिवारों को मदद तथा महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि देने का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा आंगनवाड़ी, आशा वर्कर और मिड-डे मील वर्कर सहित विभिन्न वर्गों के मानदेय में वृद्धि कर हजारों कर्मचारियों को राहत दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट चंबा के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा और आने वाले समय में जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

