skip to content

साहो में न्हौण पर्व की धूम: पूनम भारद्वाज और दुनि सिंह राठौर के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

Dalhousie Hulchul
पूनम भारद्वाज
Whats-App-Image-2025-02-24-at-16-46-29-3b3d3832

डलहौज़ी हलचल (चंबा) भूषण गुरंग : साहो स्थित कुनैला घाट में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी न्हौण का पर्व धूमधाम से मनाया गया। 10-11 सितंबर को आयोजित इस पर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया और भक्ति भाव से ओतप्रोत भजन-कीर्तन का आनंद लिया।

धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठानों का आयोजन

समारोह की शुरुआत 10 सितंबर को सुबह 10 बजे ध्वजारोहण और हवन पूजा से हुई। इसके बाद, शाम 8 बजे भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही भजन-कीर्तन का दौर शुरू हुआ, जिसमें स्थानीय गायक और कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया।

भजनों की रसधार में बहे श्रद्धालु

शाम 8 से 9 बजे तक मुसादा गायक दर्शन कुमार ने अपने मधुर गायन से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद 9 से 11 बजे तक स्थानीय कलाकार मनोज मनु और दुनि सिंह राठौर ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मनोरंजन किया। मुख्य आकर्षण के रूप में हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध गायिका पूनम भारद्वाज ने 11 बजे से 2 बजे तक अपने भजनों की प्रस्तुति दी।

पूनम भारद्वाज ने “सजा दो घर को गुलशन सा” से शुरुआत की और “अमा मेरी कढियां लुआंचड़ी डोरा”, “गोरा प्यारी लाडलिये”, “महादेवा”, “शिवा मेरे”, “भोले मेरे सामी”, “वे मनमोहणेया बलकनाथा” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे समारोह को भक्ति और उल्लास से भर दिया।

न्हौण का पवित्र स्नान

भजन-कीर्तन के बाद सुबह 4 बजे पवित्र न्हौण का पर्व शुरू हुआ, जिसमें सबसे पहले शिव के गुर (चेले) ने स्नान किया। इसके बाद, हजारों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए घाट पर पहुंचे। इस दौरान, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, और दल शक्ति विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मौजूद थे।

कमेटी के अध्यक्ष अमर सिंह चौणा और सचिव ठाकुर सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी कमेटी सदस्यों और जनता का धन्यवाद किया। न्हौण पर्व ने एक बार फिर से साहो में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता की मिसाल कायम की है, जहां भक्तों ने भक्ति और उल्लास के साथ इस पवित्र अवसर का आनंद लिया।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।