Hindi News » breaking-news » nishad kumar met the chief minister shared

निषाद कुमार ने मुख्यमंत्री से की भेंट, पेरिस पैरालंपिक-2024 की उपलब्धियों को साझा किया

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (शिमला) : पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता और हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के प्रतिभावान एथलीट निषाद कुमार ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस अवसर पर निषाद ने अपने अनुभव और सफलता की यात्रा साझा की, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।

मुख्यमंत्री ने निषाद कुमार को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए बधाई दी और कहा कि उनकी सफलता राज्य के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है। उन्होंने निषाद की तारीफ करते हुए कहा कि उनका समर्पण और मेहनत सभी को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उनके क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए हर संभव सहायता और प्रोत्साहन प्रदान कर रही है।

निषाद कुमार ने पहले भी कई बड़े खेल आयोजनों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक-2020 में रजत पदक जीता और 2022 के एशियाई पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया। ऊंची कूद में एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके निषाद को देश का प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार भी मिल चुका है।

इस मुलाकात के दौरान विधायक सुदर्शन बबलू भी उपस्थित थे, जिन्होंने निषाद की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।