Hindi News » breaking-news » pathankot chamba bharmour highway car accident fog two injured 2026

पठानकोट-चम्बा-भरमौर एनएच पर हादसा: धुंध में कार सड़क से नीचे गिरी, दो घायल

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (डलहौजी): पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब बैली के समीप घने कोहरे के कारण एक कार क्षतिग्रस्त सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डलहौजी में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 7 बजे उस समय हुआ जब कार पठानकोट से चम्बा की ओर जा रही थी। बैली के पास पहुंचने पर घनी धुंध के चलते चालक को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का अंदाजा नहीं लग पाया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया।

हालांकि, गनीमत यह रही कि संबंधित स्थान पर कुछ दिन पहले ही विभाग द्वारा क्रेट वर्क (सुरक्षा जाल) लगाया गया था। कार नीचे लगे क्रेटों में ही रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया और जानमाल का बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित निकालकर नागरिक अस्पताल डलहौजी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सड़कों के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड और मिट्टी के ढेर लगाए जाएं, ताकि विशेषकर धुंध या खराब मौसम के दौरान वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके और ऐसे हादसों से बचाव हो सके।