skip to content

देवभूमि की जनता ने धनबल को नकारा, जनबल को स्वीकारा: मलेन्द्र राजन

Dalhousie Hulchul
मलेन्द्र राजन
Whats-App-Image-2025-02-24-at-16-46-29-3b3d3832

डलहौजी हलचल, इंदौरा (दिनेश धीमान) – इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता विधायक मलेन्द्र राजन ने वन विश्राम गृह में की। बैठक का मुख्य उद्देश्य हाल ही में हुए उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का जश्न मनाना था, जिसमें कांग्रेस ने तीन में से दो विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की। इस मौके पर जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

उपचुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत

इंदौरा के अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने तीन में से दो सीटों पर भारी मतों से जीत हासिल की। इस जीत का श्रेय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को दिया गया। इस मौके पर विधायक मलेन्द्र राजन ने कहा कि जनता ने बिकाऊ विधायकों को नकारते हुए भाजपा को करारा जवाब दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब धनबल नहीं, जनबल की सरकार है।

भाजपा को करारा जवाब

विधायक मलेन्द्र राजन ने कहा कि भाजपा का सरकार को गिराने का षड्यंत्र विफल हो गया है। उन्होंने बताया कि पहले भी कांग्रेस की 40 सीटें थीं और अब भी 40 सीटें हैं, लेकिन भाजपा ने आम जनता को चुनाव करवा कर करोड़ों रुपए के बोझ तले दबा दिया है। राजन ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही इंदौरा आ रहे हैं और इंदौरा को करोड़ों की सौगात देकर जाएंगे।

जनता की समस्याओं का समाधान

विधायक मलेन्द्र राजन ने विभिन्न पंचायतों से आए कार्यकर्ताओं को सख्ती से कहा कि उनके निजी कार्य हो या न हो, लेकिन आम जनता की कोई भी समस्या हो तो उसे तुरंत मुझ तक पहुंचाएं ताकि मैं उनकी समस्या का तुरंत समाधान करवा सकूं। उन्होंने बताया कि सुक्खू सरकार हिमाचल के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।

उपस्थित गणमान्य

इस मौके पर जर्म सिंह, प्रताप सिंह, जिला परिषद प्रवीन कुमार मिंदा, कुलदीप शर्मा कीपा सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव में मिली जीत के उपलक्ष्य में लड्डू बांटे और जश्न मनाया।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।