डलहौजी हलचल (बनीखेत): पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा बालवाटिका-3 एवं कक्षा-1 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह प्रक्रिया 20 मार्च 2026 सुबह 10 बजे से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक चलेगी।
विद्यालय की प्राचार्या कर्मजीत कौर ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार अभिभावक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन के अनुसार सभी कक्षाओं के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। बालवाटिका-3 में प्रवेश के लिए आयु सीमा 5 से 6 वर्ष तथा कक्षा-1 के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त कक्षा-2 एवं उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा 11 को छोड़कर) में प्रवेश केवल रिक्त सीटों के आधार पर ही दिया जाएगा। इन कक्षाओं के लिए अलग से ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसकी पंजीकरण तिथि 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच के दौरान यदि किसी आवेदन में गलत या भ्रामक जानकारी पाई जाती है, तो प्रवेश प्रक्रिया के दौरान या बाद में भी आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
चयन सूची की तिथियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बालवाटिका-3 के लिए चयन सूची 8 अप्रैल 2026 को तथा कक्षा-1 के लिए 9 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी।
विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें और सभी आवश्यक दस्तावेज सही व पूर्ण रूप से भरें, ताकि प्रवेश में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

