डलहौज़ी हलचल (ऊना), 16 मार्च। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के सफल संचालन को सुनिश्चित बनाने के लिए जिला ऊना में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए डीआरडीए सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो 18 मार्च तक चलेगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना कार्य निदेशालय, हिमाचल प्रदेश और जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास के लिए योजना निर्माण की दृष्टि से एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, शिक्षा, आवास सहित कई महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं, जो सरकार को भविष्य की नीतियां बनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्रदान करते हैं।
उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे इस प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सही और सम्पूर्ण जानकारी एकत्रित करें। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना का अधिकांश कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए फील्ड ट्रेनरों को मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया की पूरी जानकारी होना आवश्यक है।
इस दौरान जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश के संयुक्त निदेशक आशीष चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन के तरीकों, निर्धारित प्रपत्रों के उपयोग और डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही जनगणना कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने के तरीकों से भी अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में मकानों की सूची बनाकर गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की विस्तृत गणना की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा पहली बार डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महेन्द्रपाल गुर्जर भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी दीपक यदुवंशी, शिमला से वरिष्ठ जियोग्राफर विवेक कंवर सहित जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भाग ले रहे हैं।

