डलहौज़ी हलचल (धर्मशाला)। जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा द्वारा 7 अप्रैल 2026 को पुलिस ग्राउंड धर्मशाला में भव्य रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाला यह मेला स्वास्थ्य सेवाओं, जनजागरूकता और मनोरंजन का अनूठा संगम बनेगा।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि मेले में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों की जांच, परामर्श और दवाइयों का वितरण करेंगे। इसके साथ ही टीबी, एनीमिया, मधुमेह और रक्तचाप जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
मेले में बेबी शो, फ्लावर शो और डॉग शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश किसानों के लिए जागरूकता स्टॉल लगाएगा, जबकि उद्यान विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा स्थानीय फूलों और पौधों की प्रदर्शनी प्रस्तुत की जाएगी। वहीं पशुपालन विभाग हिमाचल प्रदेश डॉग शो का आयोजन करेगा।
खेल गतिविधियों के तहत रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा खाने-पीने के स्टॉल, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार घरेलू उत्पाद, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजन भी मेले में उपलब्ध रहेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा।
मेले का मुख्य आकर्षण लकी ड्रा रहेगा, जिसकी कूपन कीमत मात्र 50 रुपये रखी गई है। इसमें प्रथम पुरस्कार मोटरसाइकिल, द्वितीय लैपटॉप और तृतीय एलईडी टीवी के साथ-साथ कई अन्य आकर्षक पुरस्कार भी शामिल हैं।
इच्छुक व्यक्ति 2 अप्रैल 2026 तक रेडक्रॉस कार्यालय में अपने स्टॉल के लिए आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 01892-224888 या 94188-32244 पर संपर्क किया जा सकता है।
रेडक्रॉस सोसायटी ने सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से अपील की है कि वे इस मेले में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाएं।

