डलहौज़ी हलचल (अर्की): हिमाचल प्रदेश के अर्की विधानसभा क्षेत्र के गांव चवाहन से संबंध रखने वाली डॉ. रीना शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और प्रदेश का नाम रोशन करते हुए ‘South Asia Universe 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता टेक्सास (अमेरिका) में माय ड्रीम ग्लोबल और My Dream TV USA द्वारा आयोजित की गई, जिसका नेतृत्व रश्मि बेदी ने किया। इस भव्य आयोजन में South Asia Universe, Mrs South Asia Universe और Rising Star of Texas जैसी विभिन्न श्रेणियां शामिल थीं।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को कई चरणों से गुजरना पड़ा, जिनमें प्री-इंट्रोडक्शन राउंड, हेरिटेज राउंड, ब्लैक एवं गोल्डन राउंड, फाइनल गाउन राउंड और निर्णायक मंडल का प्रश्न-उत्तर राउंड शामिल रहा। डॉ. रीना शर्मा ने हर राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खासकर प्रश्न-उत्तर राउंड में उनकी स्पष्ट सोच, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने निर्णायकों को खासा प्रभावित किया। सभी राउंड्स में सर्वाधिक अंक प्राप्त करते हुए उन्होंने ‘South Asia Universe’ की सबसे प्रतिष्ठित श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री Sunny Leone और आयोजक रश्मि बेदी ने उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया।
डॉ. रीना शर्मा पेशे से एक साइंटिस्ट हैं और पिछले छह वर्षों से एक अमेरिकी कंपनी में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे हिमाचल में गर्व और खुशी का माहौल है।











