डलहौज़ी हलचल (रामपुर) – रामपुर के झाकड़ी क्षेत्र से सटे समेज खड़ में बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचाई। इस घटना में 36 लोग लापता हो गए हैं। जिला प्रशासन ने आज सुबह 5:30 बजे से बचाव कार्य आरंभ किया। उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
85 किलोमीटर क्षेत्र में होगा सर्च ऑपरेशन
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभाग मिलकर 85 किलोमीटर के क्षेत्र में बचाव कार्य कर रहे हैं। इस बचाव अभियान को छह हिस्सों में विभाजित किया गया है। लापता 36 लोगों में से तीन कुल्लू क्षेत्र से हैं और 33 शिमला क्षेत्र के निवासी थे। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आर्मी, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, पुलिस, होमगार्ड और अग्निशमन दल को इस बचाव कार्य में शामिल किया गया है।

बचाव कार्य में चुनौतियाँ
पुलिस को प्राथमिक सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा, लेकिन घटना स्थल तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। सड़कों के टूट जाने के कारण बचाव दल को दो किलोमीटर पैदल चलकर घटना स्थल पर पहुंचना पड़ा। समेज में भारी बारिश और बादल फटने से कई घर बह गए। सुबह सूर्योदय के साथ ही बचाव कार्य फिर से आरंभ हुआ और सूर्यास्त के साथ समाप्त हुआ।

बचाव अभियान की प्रगति
- 31 जुलाई: देर रात 12:15 बजे बादल फटने की घटना हुई।
- 1 अगस्त:
- सुबह 3:15 बजे झाकड़ी पुलिस स्टेशन को घटना की सूचना मिली।
- 3:30 बजे पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
- 4:00 बजे एसडीएम रामपुर निशांत तोमर को सूचना मिली।
- 5:00 बजे एसडीएम रामपुर अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
- 5:40 बजे एसडीएम घटनास्थल पर पहुंचे।
- 7:00 बजे बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे।
- 10:15 बजे उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी घटनास्थल पर पहुंचे।
- 12:00 बजे दो मानव अवशेष मिले।

प्रभावित क्षेत्र में बचाव अभियान की रणनीति
प्रभावित क्षेत्र को छह हिस्सों में बांटकर एनडीआरएफ, सेना, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, पुलिस, होम गार्ड और त्वरित कार्रवाई दल को तैनात किया गया है। लापता लोगों को ढूंढने के लिए कोलडैम में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
प्रभावित लोगों की सहायता
बुशहर सदन रामपुर में आपदा प्रभावित लोगों को ठहराया जाएगा। यहां 100 लोगों की व्यवस्था की गई है। 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और प्रभावितों के लिए राहत राशि जारी की गई है।

सहायता के लिए हेल्पलाइन
जनता किसी भी आपदा से जुड़ी जानकारी टोल फ्री नंबर 1077 पर दे सकती है। शिमला के लिए हेल्पलाइन नंबर 0177-2800880, 2800881, 2800882 और 2800883 जारी किए गए हैं। व्हाट्सएप नंबर 94594-55841 पर भी सूचना साझा की जा सकती है।
लापता लोगों की सूची
लापता प्रवासी श्रमिक
- ममता पत्नी राज कुमार पांडे निवासी झारखंड
- मुस्कान पुत्री राज कुमार पांडे निवासी झारखंड
- रूपनी देवी पत्नी भोला नाथ उराँव निवासी झारखंड
- अंजलि पुत्री भोला नाथ उराँव निवासी झारखंड
लापता स्थानीय लोग
- सूरत राम पुत्र स्वर्गीय कौल राम, कंदराहड़
- संतोष कुमारी पत्नी सूरत राम, कंदराहड़
- नीरज कुमार पुत्र सूरत राम, कंदराहड़
- अर्चना पत्नी राजेश कुमार, कंदराहड़
- अनीता पत्नी अशोक कुमार, कंदराहड़
- योग प्रिया पुत्री अशोक कुमार, कंदराहड़
- मुकेश पुत्र अशोक कुमार, कंदराहड़
- वेद राज पुत्र कौल राम, कंदराहड़
लापता ग्रीनको समेज हाइड्रो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कर्मी
- पुष्प देव शर्मा, खुन्ना, रामपुर
- हरदीप सिंह, नगरोटा बगवा, कांगड़ा
- हरदेव सिंह, सैंज, कुल्लू
- अजय कुमार, शिलाई, सिरमौर
- भाग चंद, शिंगला, रामपुर
- सिद्धार्थ खेड़ा, कांगड़ा
- रूप सिंह, सिका सेरी सरपारा, रामपुर
लापता समेज गांव के लोग
- शिक्षा पत्नी गोपाल, समेज
- जिया पुत्री गोपाल, समेज
- कल्पना पत्नी जय सिंह सनैल, समेज
- अक्षिता पुत्री जय सिंह सनैल, समेज
- अद्विक पुत्र जय सिंह सनैल, समेज
- कृष्णा देवी पत्नी स्वर्गीय पुरूषोत्तम, समेज
- श्याम सिंह पुत्र चंदर सिंह, समेज
- आरुषि पुत्री श्याम सिंह, समेज
- अरुण पुत्र श्याम सिंह, समेज
- सरस्वती पत्नी श्याम सिंह, समेज
- तनु केदारटा पुत्री रविंदर केदारनाथ, समेज
- रानू केदारटा पुत्री रविंदर केदारटा, समेज
- आरुषि पुत्री श्याम सिंह, समेज
- मंगला देवी पत्नी सुना राम, समेज
जिला कुल्लू से सम्बंधित लोग
- नेवता देवी
- जीऊ राम
- वेदू
जिला प्रशासन और राहत दल मिलकर इस मुश्किल घड़ी में लगातार प्रयासरत हैं ताकि लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजा जा सके और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।