डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) : PM श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, जोकि PM श्री योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, के अंतर्गत PM श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत के विद्यार्थियों ने लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया। इस यात्रा को लेकर सभी छात्र-छात्राएं खासे उत्साहित नजर आए।
विद्यालय की प्राचार्या करमजीत कौर ने छात्रों को शैक्षिक यात्राओं के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण बच्चों को समाज से जोड़ने और वास्तविक शिक्षा प्रदान करने का कार्य करते हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।

लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें परिसर की सभी सुविधाएँ उपलब्ध करवाई गईं। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों को उचित मार्गदर्शन दिया गया और उनके भविष्य में संभावित करियर विकल्पों की जानकारी भी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों ने लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय के खेल परिसर, विभिन्न प्रयोगशालाओं, और नवाचार केंद्रों का अवलोकन किया तथा आधुनिक शोध एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय की ओर से यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के लिए उचित खान-पान की व्यवस्था की गई। इस शैक्षिक भ्रमण में छात्रों के साथ पूजा कपूर, अंजली, अंजू बाला, नीलम, पुष्पक राणा, कुलदीप कुमार, विशाल कपूर, नितिन सागर, शैलजा मीणा, सुनील कुमार, ऐश्वर्या, विधु कौल और साक्षी उपस्थित रहीं।
