skip to content

बनीखेत में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को समर्पित तिरंगा यात्रा में वीर सपूतों को किया गया नमन

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) : डलहौज़ी उपमंडल के बनीखेत में शनिवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जो माँ भारती के वीर सपूतों को समर्पित थी। इस गौरवमयी यात्रा में डलहौज़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी. एस. ठाकुर ने भाग लिया, जबकि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

ऑपरेशन सिंदूर

इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की अभूतपूर्व सफलता को नमन करना और देश के वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान एवं राष्ट्रभक्ति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना था।

विधायक डी. एस. ठाकुर ने यात्रा के दौरान कहा कि यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि वीर सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की जीवंत अभिव्यक्ति है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने देशवासियों का मनोबल ऊँचा किया है और हमें यह अवसर मिला है कि हम अपने सैनिकों को हृदय से नमन करें।

ऑपरेशन सिंदूर

वहीं विपिन सिंह परमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के विरुद्ध जिस दृढ़ता और साहस से कार्य किया है, उसने देश की सुरक्षा को नई मजबूती दी है। यह अभियान न केवल सैन्य सफलता है, बल्कि देशवासियों के विश्वास का प्रतीक भी है।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र, पूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और युवा वर्ग भी शामिल हुए। सभी ने देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान में गीतों के माध्यम से सेना को सम्मान अर्पित किया।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।