डलहौज़ी हलचल (चंबा)। चंबा में ज़िला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अमित मैहरा ने की।
बैठक में जल महोत्सव, पेयजल स्रोतों की सततता, जन शिकायत निवारण, योजनाओं के निरीक्षण और जल सेवा आकलन जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पेयजल योजनाओं के अंतर्गत जल स्रोतों और भंडारण टैंकों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने जल शक्ति विभाग हिमाचल प्रदेश और ग्रामीण विकास विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण योजनाओं को भी स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ा जाए। वहीं शिक्षा विभाग को स्कूलों में स्थापित जल टैंकों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
बैठक में रूरल फीकल स्लज प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अधिशासी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने जानकारी दी कि जल अर्पण योजना के तहत सुंडला और चकलू पंचायतों की पेयजल योजनाओं को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण सहित जल संरक्षण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
बैठक में राहुल धीमान, तिवेन्द्र चिनोरिया, डॉ. कविता महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

