डलहौज़ी हलचल (चंबा) सलूणी-लंगेरा सड़क मार्ग पर चकोली पुल के पास दर्दनाक हादसे में एक महिला की स्यूल नदी में गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान रिहाना (पत्नी यासीन मुहम्मद, निवासी गांव मड़पनिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रिहाना सलूणी से निजी बस में सवार होकर अपने घर जा रही थी। चकोली पुल के पास महिला बस से उतरकर सड़क किनारे उल्टी करने लगी। इसी दौरान उसे अचानक चक्कर आया और वह सड़क से फिसलकर स्यूल नदी में गिर गई। महिला को गिरते देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। थाना किहार की पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र के राजस्व अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। मौके का जायजा लेने के बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रशासन की ओर से प्रदान की गई राहत राशी
कार्यवाहक तहसीलदार भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की गई है। पुलिस ने घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह हादसा चक्कर आने के कारण होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य समस्या होने पर सार्वजनिक स्थलों पर सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद लें।