बनीखेत में साप्ताहिक निरंकारी सत्संग आयोजित, बहन शिवानी ने बताया मनुष्य जीवन का उद्देश्य
बनीखेत, 15 नवंबर (अशोक चौहड़िया)। स्थानीय निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत में रविवार को साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बहन शिवानी जी ने अपने प्रवचनों में कहा कि मनुष्य जीवन में आने का एकमात्र उद्देश्य प्रभु प्राप्ति अर्थात परमात्मा को जानना है।
उन्होंने कहा कि परमात्मा की भक्ति तो हर कोई कर रहा है, लेकिन ईश्वर को देखे और जाने बिना की गई भक्ति अपने वास्तविक उद्देश्य तक नहीं पहुंच पाती। जब मनुष्य पूर्ण सतगुरु की शरण में जिज्ञासा लेकर जाता है, तो सतगुरु उसे कण-कण में व्याप्त निरंकार प्रभु परमात्मा के दर्शन करवाकर ब्रह्मज्ञान प्रदान करते हैं।
बहन शिवानी ने कहा कि युगों-युगों से मनुष्य को पूर्ण सतगुरु की कृपा से ही ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति होती आई है। वर्तमान समय में भी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ब्रह्मज्ञान प्रदान कर मानव जीवन के वास्तविक लक्ष्य को साकार कर रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जब सतगुरु की कृपा से ब्रह्मज्ञान प्राप्त होता है और आत्मा का मिलन परमात्मा से होता है, तब मनुष्य को यह समझ आ जाता है कि वह कहां से आया है और उसका वास्तविक गंतव्य क्या है। मनुष्य जीवन का एकमात्र लक्ष्य उस निराकार प्रभु परमात्मा की प्राप्ति करना है, जो कण-कण में विद्यमान है।
इस अवसर पर उपस्थित साध संगत ने भजनों एवं आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से निरंकार प्रभु का गुणगान किया। अंत में शाखा प्रबंधक महात्मा एच.एस. गुलेरिया जी ने संगत को आपसी मेल-मिलाप, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
