राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में प्री-दीवाली समारोह का भव्य आयोजन

डलहौज़ी हलचल (नूरपुर) : राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में शुक्रवार को प्री-दीवाली समारोह का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के बीच किया गया। दीपों, रंगोलियों और सजावट से सजा कॉलेज परिसर दीपोत्सव की रंगीन छटा से निखर उठा। विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में उत्सव का आनंद लेते हुए विविध सांस्कृतिक और सृजनात्मक गतिविधियों में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल उत्सव का माहौल बनाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, टीम भावना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को भी प्रबल करते हैं।

राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार

रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों के माध्यम से दीपों और भारतीय संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्राएँ रक्षा, सकीना, आरती, मीनाक्षी, पलक, शगुन और कशिश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बी.ए. द्वितीय और प्रथम वर्ष की टीमों ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया।

दीवाली थीम पर आयोजित क्विज़ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय परंपराओं और पर्व से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। वहीं, सजाए गए सेल्फी पॉइंट पर विद्यार्थियों और स्टाफ ने उत्सव की यादों को तस्वीरों में कैद किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रो. हाकम चंद और श्री वेद राम का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने पूरे आयोजन को अनुशासन, सहयोग और सृजनात्मकता के साथ सफल बनाया।

कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने समापन पर विजेता छात्राओं और आयोजन टीम को बधाई देते हुए कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी से स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की।

राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार