Hindi News » himachal-latest-news » in solan the woman commits suicide on

सोलन में युवती ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर की आत्महत्या, क्षेत्र में मचा हड़कंप

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (सोलन) : हिमाचल प्रदेश के सोलन ज़िले से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय युवती ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि युवती ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर के समय की है जब युवती की मां बाजार गई हुई थी और पिता बद्दी में कार्यरत थे। घटना के समय घर पर केवल उसकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन मौजूद थी। युवती ने अपने कमरे में जाकर मोबाइल पर सोशल मीडिया लाइव किया और पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।

लाइव वीडियो के दौरान आसपास के लोगों को कुछ संदिग्ध लगा, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्होंने उसे फंदे से नीचे उतारकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने युवती के मोबाइल और सोशल मीडिया एकाउंट की भी जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।